लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप शो, जनता राष्ट्रविरोधी राजनीति समझ चुकी: बालमुकुंदाचार्य
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया) संसदीय कार्य, विधि एवं न्यायिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शनों और बयानों पर तीखा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दुरुपयोग और तथ्यहीन राजनीति करने का आरोप लगाया।
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस इस अधिकार का दुरुपयोग कर केवल सुर्खियां बटोरने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का आंदोलन पूरी तरह फ्लॉप रहा और जयपुर में किया गया प्रदर्शन भी केवल समाचार पत्रों में स्थान पाने की कोशिश भर था।
पटेल ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। सरकार हर वर्ष अपने कार्यों का लेखा-जोखा पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के सामने रख रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने पांच वर्षों के शासनकाल और भाजपा के दो वर्षों के कार्यकाल के आंकड़ों की तुलना कर तथ्यों के साथ जवाब दे। यदि संभव हो तो भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गलत साबित करके दिखाए।
‘राइजिंग राजस्थान’ पर कांग्रेस के आरोप निराधार
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल पर भी अनावश्यक सवाल उठा रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस में साहस है तो वह इस पहल के तहत हुए कार्यों और निवेश प्रस्तावों का खंडन करके दिखाए। पटेल ने कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा विदेशी निवेश को लेकर की गई प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत धरातल पर उतरने वाले लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश को देखा जाए, जिसमें विदेशी निवेश भी स्पष्ट रूप से शामिल है।
नेशनल हेराल्ड प्रकरण पर स्पष्टीकरण
नेशनल हेराल्ड मामले पर बोलते हुए जोगाराम पटेल ने कहा कि माननीय न्यायालय ने अपने आदेश में केवल यह स्पष्ट किया है कि चार्जशीट में कुछ तकनीकी कमियां हैं। न्यायालय ने यह कहीं नहीं कहा कि जांच एजेंसी के आरोप गलत हैं। कोर्ट ने सिर्फ यह निर्देश दिया है कि कमियों को विधि अनुसार पूरा किया जाए। इसका अर्थ यह है कि न तो आरोप समाप्त हुए हैं और न ही संबंधित लोग आरोपों से मुक्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस विफल आंदोलनों और तथ्यहीन आरोपों के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है।
कांग्रेस का प्रदर्शन फ्लॉप शो: बालमुकुंदाचार्य
भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कांग्रेस के प्रदर्शन को पूरी तरह फ्लॉप शो बताते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस की नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और राष्ट्रविरोधी राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दरवाज़ा कांग्रेसियों के लिए हमेशा खुला है। यदि वे भाजपा में आते हैं तो उनका शुद्धिकरण कर पार्टी की रीति-नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ते हुए देश सेवा के कार्यों में लगाया जाएगा।
बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि भाजपा प्रत्येक कार्यक्रम में ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर कार्य करती है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सत्ता की राजनीति के लिए देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश की जनता एक बार फिर भाजपा की राष्ट्रवादी सोच, विकास कार्यों और सनातन मूल्यों पर अपना पूर्ण विश्वास जताएगी।
कांग्रेस मुक्त भारत का संकल्प
भाजपा विधायक ने कहा कि पार्टी का संकल्प ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का है और यह संकल्प धीरे-धीरे साकार हो रहा है। कांग्रेस को अपने राजनीतिक अस्तित्व के समाप्त होने का भय सताने लगा है, इसी कारण वह कभी ईवीएम पर सवाल उठाती है, कभी वोटर लिस्ट को दोष देती है और अब चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही है, जो लोकतंत्र का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज़ादी के बाद से कांग्रेस की नीति तुष्टीकरण की रही है। कांग्रेस के कुछ नेता देश में रहकर देश के खिलाफ वातावरण बनाने का कार्य कर रहे हैं। विदेशों में जाकर भारत के विरुद्ध बयानबाज़ी करना, सनातन संस्कृति का अपमान करना और देश के पुरोधाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाना जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।