लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नेत्र चिकित्सालय के लिए भूमि दान की घोषणा
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)
नागौर। लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर का प्रथम पदस्थापना समारोह शनिवार को होटल मेध माउंट में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रांत 3233ई2 के वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व प्रांतपाल, गणमान्य अतिथि एवं लायंस सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के मंचासीन होने के बाद देवचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभा प्रारंभ की घोषणा लायन रेखा काबरा द्वारा की गई तथा लायन मुनीन्द्र सुराणा ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की।
इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल के प्रावधानों के अनुसार नवनिर्मित क्लब का औपचारिक उद्घाटन उपप्रांतपाल सी.पी. विजयवर्गीय द्वारा किया गया। उन्होंने चार्टर सदस्यों को शपथ दिलाते हुए क्लब की सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व पर बल दिया।
पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरमेन लायन अविनाश शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पदस्थापित करते हुए अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि पूर्व प्रांतपाल लायन सुरेश गोयल ने कहा कि किसी भी क्लब की सफलता उसकी सेवा भावना और अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा कार्य पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व बहुप्रांतीय अध्यक्ष लायन अरविंद चतुर ने लायन एकता एवं सेवा परियोजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं पूर्व प्रांतपाल लायन जेठमल गहलोत ने नवगठित क्लब को शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त अध्यक्ष लायन नितिन मित्तल ने अपने संबोधन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने क्लब के कार्यालय एवं आई हॉस्पिटल निर्माण के लिए बीकानेर रोड पर भूमि दान करने की घोषणा कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह के दौरान गांव झुंझुंडा में जल मंदिर के लोकार्पण के साथ सेवा कार्यों की शुरुआत भी की गई, जिसे अतिथियों ने सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी उद्घोषक शरद जोशी एवं लायन प्रमिल नाहटा ने किया, जबकि अंत में पूर्व रीजन चेयरमेन लायन दिलीप पिती ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के बाद सहभोज का आयोजन भी किया गया।