लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
समदड़ी (बालोतरा)। समदड़ी कस्बे स्थित ललेची माता मंदिर में चल रहे गरबा महोत्सव के समापन अवसर पर सोमवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल कन्या भोजन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ललेची माता गरबा महोत्सव समिति के तत्वावधान में किया गया। कन्या जीमण का शुभारंभ सुबह कन्या पूजन के साथ हुआ।
समारोह में समिति अध्यक्ष संत नरसिंगदास महाराज के पावन सानिध्य में करीब 3100 कन्याओं एवं नन्हे-मुन्ने बाल गोपालों ने भाग लेकर रुचिपूर्ण महाप्रसादी का आनंद लिया।
इस अवसर पर समिति के कार्यकर्ता और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए महंत नरसिंगदास महाराज ने कहा कि “शास्त्रों के अनुसार नवरात्रि के प्रथम दिन से लेकर अष्टमी या नवमी तक कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नव कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है और उनके पूजन से सभी प्रकार के दोष दूर होते हैं तथा व्यक्ति को सुख, समृद्धि और धन-धान्य की प्राप्ति होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि नवरात्रि की पूजा तभी पूर्ण मानी जाती है जब कन्या पूजन एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाए।
भक्ति भाव से माता रानी की पूजा-अर्चना करने से देवी मां अपने भक्तों पर सदैव कृपा करती हैं और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
इस अवसर पर पुरुषोत्तम सोनी, प्रकाशचंद मेहता, नर्सिंग पटेल, कानाराम चौधरी सहित समिति सदस्य एवं कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










































