लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
क्रिकेट, खो-खो और रस्साकशी में उमड़ा उत्साह — सांसद खेल महोत्सव का लापस्या में रंगारंग आगाज
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले की ग्राम पंचायत लापस्या में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लापस्या के प्रांगण में किया गया, जहां खेल प्रेम और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष छीतरमल जाट, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी यशवंत जोशी, पीईईओ कैलाश चंद्र शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष रामेश्वरलाल जाट और सरपंच मदनलाल भील के आतिथ्य में हुआ।
खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ
कार्यक्रम में एसीबीइओ यशवंत जोशी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि समाज में एकता, सौहार्द और टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं।”
पारंपरिक और आधुनिक खेलों का संगम
महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, टेनिस क्रिकेट और सतोलिया जैसी पारंपरिक व आधुनिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उद्घाटन मुकाबले में रस्साकशी का रोमांच देखने लायक रहा, जिसमें लापस्या टीम A ने लापस्या टीम B को कड़े मुकाबले में पराजित किया।
खो-खो (पुरुष वर्ग) में ग्राम लापस्या A ने राउमावि लापस्या सीनियर टीम को चार अंकों से मात दी, जबकि खो-खो (महिला वर्ग) में राउमावि लापस्या सीनियर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

रेफरी और आयोजन टीम की भूमिका सराहनीय
प्रतियोगिताओं का संचालन जनरल रेफरी राजेश राजोरा और लालूराम खटीक ने किया।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ — मनीष, दीपक, अंकित, किशन, मुकेश, कैलाश, नंदाराम, ओम सहित सभी महिला शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
ग्राम पंचायत के युवा खिलाड़ी, ग्रामीणजन और विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन गोविंदलाल व्यास ने किया, जबकि पीईईओ कैलाश चंद्र शर्मा ने समापन पर सभी प्रतिभागियों और ग्रामीणों का आभार जताया तथा खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।