लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चिकित्सकों ने की पुष्टि, शोक में डूबा शहर; मेले का औपचारिक समापन
ब्यावर (हेमन्त साहू)। राजस्थान के ब्यावर में आयोजित ऐतिहासिक बादशाह मेले के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। मेले में ‘बादशाह’ की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल (चंद्रशेखर अग्रवाल) का हार्ट अटैक से निधन हो गया। घटना के बाद पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई और मेले को संक्षिप्त रूप से समाप्त कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खर्ची लूटने की रस्म के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। कार्यक्रम स्थल के पीछे चल रही एंबुलेंस में मौजूद चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। एंबुलेंस में तैनात डॉक्टर कृष्णकांत और नर्सिंगकर्मी राजेंद्र सिंह ने तुरंत सीपीआर शुरू किया, जिससे कुछ समय के लिए उनकी स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद उन्हें तुरंत अमृत कौर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर गिरिराज प्रसाद त्रिवेदी और वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संजय शर्मा ने चिकित्सा स्टाफ के साथ मिलकर लगातार प्रयास किए। एक बार उनकी हालत में सुधार भी देखा गया, लेकिन इसी दौरान उन्हें दूसरा हृदयाघात आ गया। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शंकर सिंह रावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, पीएमओ डॉ. एसएस चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा, तहसीलदार हनूत सिंह और डीएसपी राजेश कसाना सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में शहरवासी अस्पताल पहुंच गए।
शोकाकुल माहौल को देखते हुए प्रशासन और मेला समिति ने परंपरागत रस्मों को संक्षिप्त रूप में पूरा कर मेले का औपचारिक समापन कर दिया। शहर में इस अप्रत्याशित घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।
