लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
30 टन ‘एमिके’ केमिकल से भरा टैंकर पलटा; चालक सुरक्षित, यातायात रहा बाधित
नागौर/डेह (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर जिले के डेह बाईपास पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गुजरात से हरियाणा जा रहा केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों से धुआं और लपटें साफ दिखाई दे रही थीं।
गनीमत रही कि हादसे में टैंकर चालक लुकमान (निवासी बाड़मेर) सुरक्षित बच गया।
30 टन केमिकल बना आग का गोला
जानकारी के अनुसार, टैंकर गांधीधाम से 30 टन ‘एमिके’ (Amike) केमिकल लेकर सोनीपत जा रहा था। डेह बाईपास पर संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया और केमिकल ने आग पकड़ ली।
घटना की सूचना मिलते ही सरपालिया थाना पुलिस और हरिमा टोल प्लाजा की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बाईपास के दोनों ओर यातायात रोक दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
दमकलों ने संभाला मोर्चा, JSW पर उठे सवाल
आग बुझाने के लिए नगर परिषद नागौर की दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत और चार दमकलों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। एहतियातन मौके पर छह एम्बुलेंस भी तैनात रहीं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सबसे नजदीक स्थित JSW Cement की दमकल देर से पहुंची, जिससे आग पर काबू पाने में समय लगा। हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद
हादसे की सूचना पर डेह तहसीलदार तेजपाल पारिक, बीसीएमओ रतनाराम बीडियासर, डेह सीएचसी टीम प्रशासक रणवीर सिंह उदावत, थानाधिकारी सुमन चौधरी सहित 108 एम्बुलेंस चालक हरीराम बुडीया और 1033 चालक सुनील मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया।
करीब दो घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और मार्ग पर यातायात सुचारू कर दिया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
