लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रसायन मुक्त खेती से बढ़ेगी किसानों की आय: डॉ. गोपीचंद सिंह
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)।
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), नागौर में प्राकृतिक खेती विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की 40 से अधिक कृषि सखियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केंद्राध्यक्ष डॉ. गोपीचंद सिंह ने की।
इस अवसर पर डॉ. गोपीचंद सिंह ने प्राकृतिक खेती के महत्व, लाभ और किसानों की आय बढ़ाने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रसायन मुक्त खेती को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, उत्पादन लागत घटती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में पशुपालन वैज्ञानिक बुधाराम चौधरी ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए देसी इनपुट के उपयोग, जीवांश संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से भूमि और पशुधन दोनों का संरक्षण संभव है।
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में कृषि महाविद्यालय, नागौर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने कृषि सखियों को जीवामृत एवं बीजामृत तैयार करने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि वे इस जानकारी को गांव-गांव तक किसानों तक पहुंचाएंगी।
कार्यक्रम के समापन पर कृषि सखियों ने केवीके नागौर द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण के लिए आभार व्यक्त किया।