लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नशे के खिलाफ सशक्त नाटक कार्यक्रम का आयोजन
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ
श्रीगंगानगर | भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत “ऑपरेशन सीमा संकल्प” के अंतर्गत नशे के विरुद्ध एक सशक्त जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रभावशाली नाटक कार्यक्रम रायसिंहनगर के गांव 40 पीएस, 43 पीएस तथा श्रीकरणपुर स्थित अरोड़वंश भवन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की थीम रही—
“नशा मुक्त समाज ही आने वाले कल को बचाने का एकमात्र उपाय है। हमने अपनी जिम्मेदारी उठा ली है, अब आप क्या करेंगे?”
इस सवाल के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का सशक्त प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं रहा, बल्कि समाज की चेतना को झकझोर देने वाला प्रभावी जन-जागरूकता अभियान बनकर उभरा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, डीवाईएसपी पुष्पेंद्र सिंह ज्वाला एवं सीआई रजीराम ने अपने संबोधन में आमजन से नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को देने का आह्वान किया, ताकि उनके खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नाटक के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की गहन समझ दी गई।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जनसहभागिता को मजबूत करना और एक नशा-मुक्त श्रीगंगानगर की दिशा में ठोस कदम उठाना है।