लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुयोग मूंदड़ा, इशिप्ता मूंदड़ा सहित टीम को किया गया सम्मानित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के तेरहवें संस्करण में पत्थर एवं पत्थर उत्पादों की चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। सीडॉस, लघु उद्योग भारती एवं रीको के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह आयोजन राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री की वैश्विक पहचान और नेतृत्व क्षमता को दर्शाने वाला साबित हुआ।
इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में पत्थर एवं पत्थर उत्पादों की आंतरिक प्रदर्शन श्रेणी में भीलवाड़ा जिले के बीगोद-मांडलगढ़ स्थित ओम इंडस्ट्री को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 5 से 8 फरवरी तक आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी में कंपनी के उत्कृष्ट और रचनात्मक प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर संस्थान के सुयोग मूंदड़ा, इशिप्ता मूंदड़ा, रोशन सोनी और दुर्गेश लढ़ा को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश भाई साहब, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग दीपक अजमेरा तथा इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के संयोजक नटवरलाल अजमेरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं द्वारा योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इंडिया स्टोनमार्ट को पत्थर उद्योग को समर्पित विश्व की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में से एक माना जाता है। इस वर्ष आयोजन की थीम “सतत विकास के लिए पत्थर” रही, जिसमें पर्यावरण संतुलन, सुरक्षित खनन और शून्य-अपशिष्ट प्रथाओं पर विशेष जोर दिया गया।
ओम इंडस्ट्री का पुरस्कार विजेता प्रदर्शन विश्वभर के 500 से अधिक प्रदर्शकों के बीच विशेष रूप से सराहा गया। प्रदर्शनी में तुर्की, इटली, स्पेन और अमेरिका सहित कई देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कंपनी को प्राकृतिक पत्थरों और निर्मित पत्थर उत्पादों की रचनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए प्रशंसा मिली।
संस्थान के सुयोग मूंदड़ा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से पत्थर उद्योग और उससे जुड़ी प्रसंस्करण गतिविधियों में सुरक्षित खनन पद्धतियों के जरिए पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
समारोह के समापन पर सीडॉस के सीईओ मुकुल रस्तोगी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रदर्शकों, अंतरराष्ट्रीय सहभागियों, आयोजन समिति एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “इंडिया स्टोनमार्ट 2026 ने राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री की वैश्विक क्षमता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया है और अब 2028 के अगले संस्करण की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।”