लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा राजसमन्द।
राजसमन्द: जिले के घाटी ग्राम पंचायत के गाडरी मोहल्ला में सड़क बदहाली ने स्थानीय निवासियों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं। बारिश के मौसम में यह सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे करीब 40 परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासी किशन गाडरी ने बताया कि बारिश के बाद पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना और बीमारों को अस्पताल पहुंचाना जोखिम भरा हो गया है। कई बार लोग फिसलने और गिरने की घटनाओं का भी शिकार हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। न तो सड़क की मरम्मत हुई और न ही पक्की सड़क निर्माण की कोई ठोस पहल की गई।
स्थानीय ग्रामीण कजोड़मल, अम्बालाल, सुखलाल गाडरी और तुलसी राम सालवी ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि गाडरी मोहल्ला रोड का तुरंत निरीक्षण कर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्य नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद ही मोहल्लेवासियों को इस लंबे समय से चली आ रही नारकीय स्थिति से राहत मिल सकेगी।











































