Home crime करजिया घाटी में 262 किलो डोडा पोस्त जब्त, कार समेत दो अंतरराज्यीय...

करजिया घाटी में 262 किलो डोडा पोस्त जब्त, कार समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

“ऑपरेशन त्रिनेत्र” में नाथद्वारा पुलिस की बड़ी कामयाबी

गौतम शर्मा राजसमंद

राजसमंद जिले के पुलिस थाना नाथद्वारा ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 262.400 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त बरामद किया है। इस दौरान परिवहन में प्रयुक्त क्रेटा कार को जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन एवं जिला पुलिस अधीक्षक हेमन्त कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक तथा वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत के मार्गदर्शन में की गई।
थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा NH-58 पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की क्रेटा कार (RJ 27 CL 2865) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार को तेज गति से भगाते हुए सर्विस लेन में रॉन्ग साइड डाल दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सरकारी वाहन से पीछा किया। तस्करों ने भागने के प्रयास में डिवाइडर से टक्कर मार दी, जिसके बाद पुलिस ने “स्टॉप स्टिक” तकनीक का उपयोग कर कार के टायर पंचर कर दिए और करजिया घाटी स्थित महाकाली रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया।
तलाशी लेने पर कार से 17 प्लास्टिक कट्टों में भरा 262.400 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। साथ ही 7 फर्जी नंबर प्लेट्स भी जब्त की गईं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version