लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डींग, कांमा (संवाददाता हरिओम मीणा)। जिले के कामां की ग्राम पंचायत धिलावटी राधानगरी में रहने वाले गरीब मजदूर जहर पुत्र हासम की जिंदगी राशन कार्ड फर्जीवाड़े के कारण मुश्किल हो गई है। जहर का आरोप है कि उनके राशन कार्ड नंबर 007402200037 में स्थानीय डीलर ने पैसे लेकर छेड़छाड़ की और लेवरा गांव के नल्लू पुत्र इलियास का नाम जोड़ दिया।
इस कारण जहर और उनके परिवार को सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लगभग छह महीने से नहीं मिल पा रहा है। जहर ने बताया कि वह घर से दूर रहकर गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है, लेकिन आर्थिक तंगी और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने के बावजूद किसी अधिकारी ने उनकी शिकायत पर गंभीर ध्यान नहीं दिया।
जहर का कहना है कि अधिकारी मामले को रफा-दफा करने में लगे हैं, जबकि डीलर अमीर और अपने चहेतों को योजना का लाभ दे रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टर कार्यालय को पत्र लिखकर राशन कार्ड उनके नाम पर सही करने और फर्जीवाड़ा करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, पिछला बकाया राशन दिलाने की भी अपील की है।
यह मामला गरीबों के साथ हो रहे अन्याय को उजागर करता है और सवाल उठाता है कि क्या सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच पाएगा। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
दीग न्यूज लाइव इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए है और आगे की अपडेट्स जल्द प्रस्तुत करेगा।

















































