लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोर्ट से मिली जमानत
जोधपुर। जोजरी नदी प्रदूषण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने मामले में पांच उद्योगपतियों को गिरफ्तार किया। हालांकि, गिरफ्तारी के अगले दिन सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, विवेक विहार थाना पुलिस ने पांच उद्योगपतियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ के बाद जसराज बोथरा, निलेश संचेती, सांग सिंह परिहार, सुरेश खेमानी और गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अगले दिन अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट ने दी जमानत
अदालत में आरोपियों की ओर से अधिवक्ता नमन मोहनोत और मनोज गहलोत ने पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पांचों आरोपियों को जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए।
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई
जोजरी नदी में प्रदूषण और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित अपशिष्ट जल को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। मामले में सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद राज्य सरकार ने जांच और कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
एसआईटी के गठन के बाद यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। जांच एजेंसियां अब प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों और इस मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही हैं।
