Home latest जोधपुर प्रवास पर मंत्री जोगाराम पटेल का कांग्रेस पर तीखा हमला

जोधपुर प्रवास पर मंत्री जोगाराम पटेल का कांग्रेस पर तीखा हमला

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

जोधपुर ।
राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह केवल बयानबाजी कर सुर्खियों में बने रहने का प्रयास कर रही है।

मंत्री पटेल ने विधानसभा में लगे कैमरों का जिक्र करते हुए कहा कि “जब से कैमरे लगे हैं, तब से वही लगे हैं। इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयान केवल ध्यान आकर्षित करने की कोशिश हैं। अगर वे विधानसभा में अपनी बातें रखते तो उनका असर इतिहास में दर्ज होता।”

कांग्रेस नेताओं अशोक गहलोत, सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “ये नेता विधानसभा में उपस्थित न होकर मीडिया में बयान देकर राजनीति कर रहे हैं। विधानसभा में बहस कर अपने मुद्दे रखते तो सही-गलत का निर्णय भी जनता के सामने आता।”

महिला और पुरुष विधायकों के लिए अलग व्यवस्था न होने के सवाल पर पटेल ने स्पष्ट किया कि “विधानसभा में पक्ष और विपक्ष के आधार पर बैठने की व्यवस्था है, किसी अन्य भेदभाव की कोई जगह नहीं है।”

स्पीकर पर आरोपों को लेकर उन्होंने कहा, “स्पीकर किसी दल के नहीं होते, वे विक्रमादित्य की कुर्सी पर बैठते हैं। ऐसे आरोप कांग्रेस की घटिया मानसिकता को दर्शाते हैं।”

विधानसभा के सीसीटीवी फुटेज को लेकर टीकाराम जूली द्वारा लगाए गए आरोपों पर मंत्री पटेल ने कहा, “जहाँ तक जानकारी है, मीडिया को वही एक्सेस दिया जाता है जहाँ से वे रिपोर्टिंग करते हैं। उसके अलावा किसी अन्य जगह पर फुटेज का उपयोग नहीं किया जा सकता।”

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि “बिना आधार के आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।”

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version