लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बिना हेलमेट वालों को गुलाब देकर दिया संदेश
जोधपुर (बृजकिशोर पारीक): शहर में बढ़ती यातायात दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस कमिश्नररेट यातायात ने शुक्रवार शाम नई सड़क चौराहे पर विशेष अभियान चलाया। डीसीपी यातायात सहित आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी की।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों और राहगीरों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सिग्नल पालन, और मोबाइल फोन न प्रयोग करने की जानकारी दी। बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया, जिससे जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित हो।
डीसीपी यातायात ने कहा कि नियम केवल चालान के लिए नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए हैं। अभियान में बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस कमिश्नररेट ने बताया कि ऐसे जागरूकता अभियान अब शहर के अन्य चौराहों और व्यस्त मार्गों पर भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि जोधपुर को सुरक्षित और अनुशासित यातायात वाला शहर बनाया जा सके।