लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
फलोदी में भीषण सड़क हादसा
जोधपुर/फलोदी। जोधपुर जिले के फलोदी उपखंड के मथुरा थाना क्षेत्र में आज शाम लगभग 6:30 बजे भारतमाला हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक मिनी टेंपो बस सड़क पर खड़े ट्रक (ट्रायल वाहन) में जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि बस में सवार जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के एक ही परिवार के 15 सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत फलोदी और जोधपुर पुलिस की मदद से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही जोधपुर प्रशासन एक्टिव मोड पर आ गया। गांधी अस्पताल, मथुरादास माथुर अस्पताल और एम्स जोधपुर के डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया। हादसे में मारे गए 15 लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
10 शवों को गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है, जबकि पांच शवों को एम्स अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शवों की पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।
जोधपुर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पतालों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।




















































