लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ एवं मिशन निदेशक एचएम डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा राजकीय चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मरीजों से संवाद कर उपचार व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, उपकरणों के रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण एवं रिपोर्टिंग प्रणाली की भी जांच की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी संस्थानों में स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा विभागीय पोर्टल पर समय पर रिपोर्टिंग की जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी ने खींवसर ब्लॉक के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांचूड़ी एवं पांचला सिद्धा का निरीक्षण कर ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्डों की व्यवस्था, साफ-सफाई और स्टाफ उपस्थिति का जायजा लिया।
इसी क्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीशराम चौधरी ने जायल उप जिला अस्पताल, सीएचसी तरनाऊ, रोल और फरड़ोद का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, जांच एवं लैब सेवाएं, टीकाकरण और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की।
वहीं उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकिशोर सारण ने डेगाना उप जिला अस्पताल, सीएचसी ईड़वा, सांजू एवं पीएचसी खुड़ी कलां का निरीक्षण किया। उन्होंने डेगाना अस्पताल में डायलिसिस एवं सोनोग्राफी मशीन शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
जिले के विभिन्न खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण जारी है।



















































