लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों की समस्याएं सुन दिए त्वरित समाधान के निर्देश
पीसांगन, अजमेर। स्थानीय संवाददाता ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन उपखंड क्षेत्र के पिचौलिया गांव में जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में ग्राम रथ अभियान के तहत संध्या चौपाल एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि किसान, पशुपालक और आमजन योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, स्वास्थ्य सहित 13 विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने भगवानपुरा से पुष्कर सड़क निर्माण, खेल मैदान निर्माण, सड़क डामरीकरण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति तथा आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने जैसी समस्याएं रखीं।
जिला कलक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कहा। उन्होंने सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने, अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आम रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की पहली प्राथमिकता है तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
ग्राम रथ अभियान के तहत एलईडी वैन एवं लोक कलाकारों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई तथा प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर, तहसीलदार भागीरथ चौधरी, विकास अधिकारी महेंद्र मालाकार, प्रशासक अनोप कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
