लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर. एन. सांवरिया)। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जयपुर मेट्रो परियोजना को गति देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित भूमि एवं संपत्ति निस्तारण समिति की 218वीं बैठक में मेट्रो परियोजना के विभिन्न चरणों हेतु आवश्यक भूमि नियमानुसार आवंटित की गई। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब राज्य में मेट्रो विस्तार को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के फेज-1सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर वाया गलता गेट) कार्य के लिए 919 वर्गमीटर भूमि अस्थायी रूप से आवंटित की गई है। साथ ही, अलाइनमेंट में आ रही वन विभाग की भूमि के बदले राजस्व ग्राम दौलतपुरा, तहसील आमेर में 2.01 हेक्टेयर भूमि विनिमय के रूप में आवंटित की गई, जिससे परियोजना की बाधाएं दूर होंगी।
फेज-2 के तहत महात्मा ज्योतिबा फुले योजना, निवारू रोड झोटवाड़ा में 3882 वर्गमीटर तथा ग्राम शिवदासपुरा, तहसील चाकसू में 8000 वर्गमीटर नॉन-फेयर रेवेन्यू भूमि आवंटित की गई है।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार की बजट घोषणा के अंतर्गत झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण हेतु राजस्व ग्राम पचार, तहसील कालवाड़ में 20,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है, जिससे क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
जेडीए के इन निर्णयों से जयपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-सम्मत शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।