लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) की तैयारियों के तहत जिले में चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार/आयुक्त/अधिशाषी अधिकारी) का दो दिवसीय प्रशिक्षण कृषि कॉलेज, नागौर में प्रारम्भ हुआ।
जिला कलेक्टर चम्पालाल जीनगर ने प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए बताया कि आगामी जनगणना पूर्णत: डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। उन्होंने चार्ज अधिकारियों की भूमिका तथा आंकड़ों की गुणवत्ता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि राज्य में जनगणना के प्रथम चरण का फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से डाटा संग्रहण कर किया जाएगा। साथ ही, देश में पहली बार जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना पोर्टल (SE Portal) के माध्यम से आमजन 1 मई से 15 मई 2026 तक अपने मोबाइल से स्वयं मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय के दक्ष प्रशिक्षक मीना गुप्ता (उपनिदेशक) एवं दौलतराम गांधी (डीपीए) द्वारा दिया जा रहा है।
उप जिला जनगणना अधिकारी राम कुमार राव ने बताया कि प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा फील्ड कार्य की डिजिटल प्रक्रिया को समझने में सहायक सिद्ध होगा।