लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (आर एन सांवरिया) भारतीय मजदूर संघ, राजस्थान प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को जयपुर में “श्रमिक हुंकार रैली” का आयोजन किया जाएगा। यह रैली शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर सिविल लाइंस फाटक तक पहुँचेगी, जिसमें प्रदेशभर से हजारों श्रमिक और कर्मचारी भाग लेंगे।
रैली का उद्देश्य मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं जैसे न्यूनतम वेतन में वृद्धि, स्थायी रोजगार, ठेका प्रथा की समाप्ति, सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षा-स्वास्थ्य सहित मूलभूत अधिकारों की रक्षा की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। इसके साथ ही सरकार द्वारा सरकारी उपक्रमों के अंधाधुंध निजीकरण को रोकने की भी मांग की जाएगी।
भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री हरिमोहन शर्मा ने कहा कि “मजदूर राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं, उनकी अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। भारतीय मजदूर संघ मजदूरों के सम्मान, अधिकार और न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।”
संवाददाता सम्मेलन में बीएमएस के क्षेत्र संगठन मंत्री सीवी राजेश ने कहा कि सरकार को श्रमिकों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और संवाद के साथ करना चाहिए। रैली संयोजक दीनानाथ रूथला ने राज्य सरकार से अपील की कि श्रमिकों-कर्मचारियों की समस्याओं पर शीघ्र ठोस और न्यायोचित निर्णय लिया जाए।