लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर।
भाजपा गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस की पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर तीखा हमला किया। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में राजस्थान में अपराधों में जबरदस्त वृद्धि हुई थी और प्रदेश में जंगलराज की स्थिति बन गई थी।
एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में बलात्कार, महिला हिंसा, एससी-एसटी अपराध और साइबर अपराध में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। इसके विपरीत, भजनलाल सरकार के 2024 के कार्यकाल में सभी अपराधों पर नियंत्रण किया गया और उनका ग्राफ तेजी से नीचे आया।
अपराध नियंत्रण में मिले महत्वपूर्ण परिणाम
-
हत्या के मामलों में 13% कमी
-
हत्या के प्रयास में 2% कमी
-
डकैती में 20% कमी
-
बलवा में 76% कमी
-
बलात्कार में 7% कमी
-
महिला अत्याचार में 21% कमी
-
एससी-एसटी के विरुद्ध अत्याचार में 18% कमी
-
लूट में 17% कमी
-
संपत्ति संबंधी अपराध में 48% कमी
मंत्री ने बताया कि भजनलाल सरकार ने ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर’ के पुलिस ध्येय वाक्य को चरितार्थ किया। इसके अलावा, साइबर अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण किया गया। जून 2024 में साइबर अपराध में 31% और जून 2025 तक 68% कमी दर्ज की गई।
जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा को एनसीआरबी की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेशवासियों को गुमराह करने के बजाय अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
मंत्री ने राजस्थान पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रभावी कार्रवाई के चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई और आमजन अब जंगलराज से मुक्त हो गया है।


















































