लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हेड कांस्टेबल से एएसआई पद पर पदोन्नति, स्टाफ ने दी बधाई
नागौर | रियांबड़ी, जसनगर कस्बे के पुलिस थाना में कार्यरत हेड कांस्टेबल शिवरतन को सहायक उप निरीक्षक (ASI) पद पर पदोन्नति मिली है। शिवरतन ने विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है।
इस संबंध में अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राजेंद्र सिंह एवं नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा आदेश जारी कर शिवरतन को हेड कांस्टेबल से सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया।
शिवरतन की पदोन्नति पर जसनगर थाना परिसर में हर्ष का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रशिक्षु पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार, थानाधिकारी निरीक्षक छितमल, उप निरीक्षक राजमल, हेड कांस्टेबल भोजराज सहित थाना स्टाफ के अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने शिवरतन के कार्यकाल, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आशा जताई कि वे सहायक उप निरीक्षक के पद पर भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
