Home latest जनता ने बनाया मन, पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से जीतेगी भाजपा-...

जनता ने बनाया मन, पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत से जीतेगी भाजपा- भजनलाल

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

सिलीगुड़ी/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में आयोजित मारवाड़ी समाज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति और विकास को लेकर तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से जनता त्रस्त हो चुकी है और विकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है और घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके विपरीत, उन्होंने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की नीति को “साफ नीयत, स्पष्ट नीति और तेज गति से विकास” पर आधारित बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश तेजी से विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा के पक्ष में मन बना लिया है और आगामी चुनावों में पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्थान की गौरवशाली परंपरा का भी उल्लेख किया और मीरा बाई, महाराणा प्रताप और सूरजमल जैसे महापुरुषों को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी देश-विदेश में अपनी संस्कृति और सेवा भावना से पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं—बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और किसान सम्मान निधि—का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है। साथ ही उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने पश्चिम बंगाल में चल रही इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, कोलकाता-सिलीगुड़ी हाईवे और बागडोगरा एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री ने सिलीगुड़ी में भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष के समर्थन में आयोजित रोड शो में भी हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया और “भारत माता की जय” व “जय श्री राम” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने आमजन से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ही सुशासन और विकास की गारंटी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version