लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यकर्ता भाव से कर रहे हैं काम
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विध्वंसक और नकारात्मक राजनीति कर रही है, जिसे देश की जनता सिरे से नकार चुकी है। यही कारण है कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनावों में भाजपा और एनडीए को भारी बहुमत मिला है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास-केंद्रित राजनीति पर अपने विश्वास की मुहर लगाई है।
अरुण सिंह ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में बीएमसी सहित अन्य निकाय चुनावों में भाजपा और एनडीए की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है, लेकिन देश की जनता अब सच को समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को बंद करने का झूठा प्रचार कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि उसकी कमियों को दूर कर एक नया और सशक्त कानून लाया गया है। कांग्रेस शासन में मनरेगा भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था। गड्ढे भरने जैसे दिखावटी काम कर भ्रष्टाचार किया गया, जो अखबारों में भी उजागर होता रहा। उन्होंने कहा कि अब नए कानून के तहत ग्रामीण मजदूरों को 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार, 15 दिन में काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता और स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित की गई है।
अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और सोनिया गांधी जैसे नेता भ्रम फैलाकर भ्रष्टाचार को जारी रखना चाहते हैं और भ्रष्टाचारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। पहले मनरेगा में न तो प्रभावी सोशल ऑडिट होती थी और न ही कार्रवाई, लेकिन अब वीबी–जी रामजी कानून के माध्यम से भ्रष्टाचार पर सख्त रोक लगेगी।
उन्होंने बताया कि नए कानून के तहत ग्राम सभा अपने गांव के विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करेगी। इसके अंतर्गत स्कूल, वेयरहाउस, कौशल केंद्र, नर्सिंग होम, तालाब जैसे स्थायी और उपयोगी कार्य किए जा सकेंगे। इससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस को भगवान राम से लगातार आपत्ति रही है—चाहे रामसेतु हो, राम मंदिर हो या अब कानून के नाम में ‘राम’ शब्द। राम नाम का विरोध करना सरासर पाप है।
भजनलाल सरकार की खुले मन से प्रशंसा
प्रेसवार्ता के दौरान अरुण सिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेहनती, परिश्रमी हैं और कार्यकर्ता भाव से काम कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार के कारण प्रदेश में अब न तो पेपर लीक हो रहे हैं, न परीक्षा के दौरान इंटरनेट बंदी की जा रही है और न ही बसों में बैठकर पेपर हल करवाने जैसी घटनाएं हो रही हैं, जो पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान आम हो गई थीं।
उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं, समय पर परिणाम और युवाओं को रोजगार मिल रहा है। राज्य सरकार जनहित में लगातार फैसले ले रही है और सुशासन की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।