लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंबेडकर–दीनदयाल के सपनों को साकार कर रहे हैं पीएम मोदी: भजनलाल शर्मा
भ्रष्टाचार पर प्रहार से रुकी बिचौलियों की कमाई, कांग्रेस को पेट में दर्द: मदन राठौड़
जयपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीबी–जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व द्वारा नए कानून को लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह कांग्रेस के दुष्प्रचार का मजबूती से खंडन करे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के प्रति जनजागरण का उत्सव मनाए।
अरुण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने ग्रामीण भारत की जरूरतों के अनुरूप मनरेगा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। नए प्रावधानों के तहत 100 दिन के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन किया गया है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह झूठ फैला रही है कि रोजगार के अवसर कम होंगे, जबकि सच्चाई इसके उलट है। साथ ही फसल की बुवाई और कटाई के समय 60 दिनों के ब्रेक का निर्णय किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम है, जिससे उन्हें पर्याप्त मजदूर उपलब्ध हो सकेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. भीमराव अंबेडकर और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रहे हैं, जबकि कांग्रेस हर योजना में भ्रम फैलाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब “जी रामजी” नाम से भी आपत्ति है, जबकि विकास की दिशा तय हो चुकी है। देश और प्रदेश धीरे-धीरे रामराज्य की ओर अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद देश को खोखला किया और तुष्टिकरण की राजनीति की, लेकिन अब न भ्रष्टाचार करने दिया जाएगा और न उसे छिपाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी हैं, 1.44 लाख भर्तियां प्रक्रिया में हैं और 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। पेपर लीक मामलों में 400 से अधिक आरोपी जेल में हैं और सरकार पारदर्शिता व सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब भाजपा भ्रष्टाचार पर प्रहार करती है, तब-तब बिचौलियों की कमाई रुकती है और कांग्रेस को दर्द होने लगता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न किसान से मतलब है और न मजदूर से। मोदी सरकार द्वारा 125 दिन रोजगार की गारंटी और खेती के समय 60 दिनों की छूट से गांव, गरीब और मजदूर को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने अभियान की प्रस्तावना रखी और धन्यवाद अभियान संयोजक एवं पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, पूर्व मंत्री प्रभूलाल सैनी सहित कई नेता उपस्थित रहे।