लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— दर्जनों गांवों के भक्तों को मिलेगा फायदा
नवीन कुमावत
किशनगढ़ रेनवाल। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, बुजुर्ग और कामकाजी यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जयपुर के विद्याधर डिपो से सालासर बालाजी के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। बस के चालक परिचालक का रेनवाल में ग्रामीणों ने स्वागत सम्मान भी किया।
जानकारी के अनुसार विद्याधर नगर डिपो की ये बस रोजाना सुबह 8:45 बजे जयपुर से रवाना होकर जोबनेर, रेनवाल, दातारामगढ़ और लोसल जैसे प्रमुख कस्बों से होते हुए दोपहर 1:40 बजे सालासर पहुँचेगी। वापसी में ये बस सालासर से शाम 3:30 बजे चलेगी, जिससे श्रद्धालु एक ही दिन में दर्शन कर वापस जयपुर लौट सकेंगे। इस बस के रूट में कालवाड़, पचकोडिया, किशनगढ़ रेनवाल और गनेड़ी जैसे कई ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ा गया है। पहले यात्रियों को सालासर पहुँचने के लिए कई बसें बदलनी पड़ती थी, लेकिन अब एक ही बस में आरामदायक सफर संभव हो सकेगा।
जयपुर के विद्याधरनगर डिपो से ये बस प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे रवाना होकर जोबनेर सुबह 10:00 बजे, रेनवाल 10:40 बजे, खाचरियावास 11:00 बजे और दातारामगढ़ सुबह 11:30 बजे पहुँचेगी। इसके पश्चात खूड से 12:15 बजे, लोसल से 12:30 बजे और नेछवा से 1:15 बजे होते हुए दोपहर 1:40 बजे श्रीसालासर बालाजी बस डिपो पर पहुँचेगी।
जयपुर से सालासर जाने वाली इस बस के रूट में कालवाड़, पचकोडिया, घाटवा, हुड़ील, बामणी, सिंगरावट, मोरडुगा और गनेड़ी जैसे कई बड़े कस्बों को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों के निवासियों के लिए अब सालासर बालाजी की यात्रा सीधी और आरामदायक हो गई है।
यही बस सालासर बालाजी से दोपहर बाद 3:30 बजे वापस जयपुर के लिए रवाना होगी। इसका सबसे बड़ा लाभ ये है कि भक्त सुबह जाकर दोपहर में दर्शन कर शाम तक अपने घर लौट सकते हैं।
रोडवेज प्रशासन के अनुसार, धार्मिक स्थलों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। इसी कड़ी में हाल ही में हीरापुरा बस स्टैंड से खाटूश्याम जी के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू की गई थी।
