लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। नगर निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में रोड शो के जरिए शहरी मतदाताओं को साधने की कोशिश की। सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुआ रोड शो जौहरी बाजार होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंचा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुली गाड़ी में सवार होकर मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते नजर आए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महासचिव एवं नगर निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी और स्थानीय विधायक बाल मुकुंदाचार्य भी मौजूद रहे।
पहले चांदपोल गेट तक प्रस्तावित था रूट
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पहले रोड शो का रूट सांगानेरी गेट से चांदपोल गेट तक प्रस्तावित किया गया था, लेकिन बाद में इसे छोटा कर सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक कर दिया गया। रोड शो के जरिए भाजपा ने चारदीवारी क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।
कमजोर वार्ड और बूथों पर BJP का फोकस
भाजपा का फोकस चारदीवारी क्षेत्र के उन वार्डों पर रहा, जहां पार्टी को चुनावी तौर पर चुनौती मानी जा रही है। पार्टी की रणनीति तीन विधानसभा क्षेत्रों में आने वाले करीब 20 वार्डों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने की है। रोड शो के दौरान स्थानीय प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क किया।
पार्टी की ओर से कमजोर बूथों और वार्डों के मतदाताओं को साधने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। भाजपा नेताओं का प्रयास है कि रोड शो के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जाए और अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके।
अंतिम दिन BJP ने झोंकी पूरी ताकत
नगर निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री के रोड शो को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और राष्ट्रीय प्रभारी हरीश द्विवेदी की मौजूदगी में पार्टी ने चारदीवारी क्षेत्र में चुनावी अभियान को धार देने की कोशिश की।
रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। अब प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद सभी राजनीतिक दलों का फोकस मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने पर रहेगा।










































