लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संपर्क पोर्टल, सेवा शिविरों व वाइल्डलाइफ वीक की समीक्षा बैठक आयोजित
राजसमंद। (गौतम शर्मा)
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों में कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपने कार्यों को पूर्ण करें तथा प्रत्येक शिकायत और आवेदन का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में संपर्क पोर्टल, ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविर की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी जिला स्तरीय अधिकारी सभागार में उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
कलक्टर हसीजा ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित प्रकरण नहीं रहने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय एवं सीपीग्राम पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और प्रत्येक शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिले।
उन्होंने कहा —
“शिविरों को औपचारिकता के रूप में न लेकर जनता तक वास्तविक राहत पहुंचाने का माध्यम बनाया जाए। राज्य औसत से कम प्रदर्शन करने वाले विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।”
विभागवार निर्देश
-
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग : यूडीआईडी कार्ड वितरण, कन्यादान योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन में तेजी लाई जाए।
-
महिला एवं बाल विकास विभाग : पोषण ट्रैकर की प्रगति बेहतर की जाए।
-
राजस्व विभाग : आपसी सहमति से विभाजन प्रकरणों में वृद्धि और लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
-
रसद विभाग : सभी एनएफएसए परिवारों की ई-केवाईसी और राशन कार्डधारकों की एलपीजी आईडी मैपिंग तत्काल पूर्ण की जाए।
-
पालनहार योजना : किसी भी पात्र लाभार्थी को वंचित न रखा जाए।
कलक्टर ने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा शिविरों के क्रियान्वयन में ढिलाई नहीं बरती जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में डीएफओ कस्तूरी प्रशांत सुले, सीईओ जिला परिषद बृजमोहन बैरवा, एडीएम नरेश बुनकर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्लॉक स्तर से उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं बीडीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक के दौरान उप वन संरक्षक कस्तूरी प्रशांत सुले एवं सहायक वन संरक्षक श्रीकिशन चौधरी ने राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह से संबंधित गतिविधियों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया।