लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गोगाजी महाराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक, मेला मैदान में सजे झूले और दुकानें; आसपास के गांवों से उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
पादूकलां (नागौर)। कस्बे के पद्मावती सरोवर स्थित मेला मैदान में गोगा नवमी के अवसर पर आज गोगाजी महाराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही ध्वजारोहण कर तीन दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।
गोगा नवमी को लेकर मेला आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेला मैदान में विभिन्न प्रकार के झूले, चकरी और खान-पान सहित अन्य दुकानों को सजाया गया है। मेले को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
आसपास के गांवों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
गोगाजी महाराज के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पादूकलां सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करेंगे।
तीन दिवसीय मेले के दौरान मेला मैदान में श्रद्धा के साथ उत्साह और रौनक का माहौल देखने को मिलेगा। बच्चों और परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं, मेले में लगने वाली दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रहने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गोगा नवमी का यह मेला क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी मेलजोल और उत्सव का भी प्रमुख अवसर है। मेले को लेकर श्रद्धालुओं और दुकानदारों में उत्साह बना हुआ है।
