लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छोटी कालीसिंध नदी की हाई लेवल पुलिया बदहाल, बारिश में पानी भरने से बढ़ा खतरा; ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग उठाई
गंगधार, झालावाड़। झालावाड़ जिले के गंगधार कस्बे के पास छोटी कालीसिंध नदी की हाई लेवल पुलिया इन दिनों बदहाली का शिकार है। पुलिया पर जगह-जगह बने बड़े और गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। लंबे समय से पुलिया की हालत खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
बारिश में पानी भरने से दिखाई नहीं देते गड्ढे
स्थानीय निवासी मांगीलाल नीमा और दीपक कुमार ने बताया कि पुलिया पर कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।
ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, गड्ढों से बचने के प्रयास में कई वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं।
रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग एवं वाहन यहां से गुजरते हैं। पुलिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
लोगों ने जिम्मेदार विभाग से मांग की है कि हादसा होने का इंतजार करने के बजाय पुलिया की स्थिति का तत्काल जायजा लेकर गड्ढों की मरम्मत करवाई जाए।
आरएसआरडीसी ने दिया मरम्मत का भरोसा
मामले को लेकर आरएसआरडीसी झालावाड़ के अधिकारियों का कहना है कि पुलिया पर आवश्यक मरम्मत कार्य करवा दिया जाएगा।
अब देखना यह है कि विभाग की ओर से मरम्मत कार्य कब शुरू होता है। क्योंकि ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मौजूदा हालत को देखते हुए सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
