लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- सरकार के काम को जनता तक पहुंचाएं, विपक्ष के प्रोपेगेंडा का दें समुचित जवाब; राजस्थान के शहरों को ट्रिपल इंजन सरकार दिलाने का आह्वान
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को निकाय चुनावों को लेकर विभिन्न संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, सह प्रभारी गजेंद्र पटेल, रोहन गुप्ता और संगीता यादव तथा संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से काम करती है भाजपा
बीएल संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सरोकार और ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। यही पार्टी की अपनी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि निकाय चुनाव में सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटें।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने विचार और विचारधारा के प्रति स्पष्टता रखनी चाहिए तथा विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे प्रोपेगेंडा का समुचित जवाब देना चाहिए।
‘हर कार्यकर्ता को काम, हर काम के लिए कार्यकर्ता’
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भाजपा की संगठनात्मक कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी पूर्व योजना और पूर्ण योजना के साथ काम करती है। हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता की पद्धति के तहत सभी की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए संगठन अपने कार्यों को अंजाम देता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा की डबल इंजन सरकारों के कार्य हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की विफलताएं और उनकी आपसी फूट जनता के सामने है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
‘हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण’
बीएल संतोष ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए उसे सही तरीके से निभाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से राजस्थान के शहरों को ट्रिपल इंजन सरकार मिलेगी और शहर विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगे।
बैठक के दौरान बीएल संतोष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से निकाय चुनावों को लेकर फीडबैक भी लिया तथा चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, मीडिया विभाग, सोशल मीडिया और आईटी विभाग के प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।