लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) नागौर में घरेलू रसोई गैस के अवैध उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिला रसद अधिकारी अंकित पचार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल द्वारा की गई।
अधिकारी ने बताया कि मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम एवं एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत गैस एजेंसियों के निरीक्षण और अवैध उपयोग की रोकथाम के लिए टीम का गठन किया गया।
गुरुवार, 19 मार्च को किए गए निरीक्षण के दौरान नागौर शहर और मेड़ता सिटी क्षेत्र में करीब 20 प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस का अवैध उपयोग पाया गया। कार्रवाई के दौरान जोधपुर मिष्ठान भंडार (किले की ढाल), करणी कॉलोनी क्षेत्र, गणेश होटल एंड रेस्टोरेंट, मिस्टर एंड मिसेज अरोड़ा फास्ट फूड रेस्टोरेंट सहित अन्य स्थानों पर जांच की गई।
इन सभी जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कुल 58 सिलेंडर जब्त कर गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला रसद अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पर्याप्त है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी नहीं होगी।