लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बनी सिंह मीना | गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)
गंगापुर सिटी। शहर के बस स्टैंड पर रविवार तड़के खड़ी निजी बसों में अज्ञात कारणों से आग लगने से दो बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि पास में खड़ी एक अन्य बस भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़ी अन्य बसों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में निजी बसें खड़ी रहती हैं। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो भारी जन-धन की हानि हो सकती थी।
घटना के बाद कुछ बस मालिकों ने असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी निजी बसों में आग लगाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल उठाते हुए बस स्टैंड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
