लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शीघ्र नव निर्माण और मरम्मत की मांग तेज
सत्यनारायण सेन, गुरला
गुरला। भीलवाड़ा जिले से निकलने वाले स्टेट हाईवे 75 (भीडर–रामगढ़ वाया डेलाना, कोशिथल, रायपुर) पर गंगापुर से रायपुर के बीच सड़क की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। डेलाना, उल्लाई चौराहा, मटुनिया, देवरिया चौराहा (कीरखेड़ा), नान्दशा चौराहा और रायपुर बाईपास के पास सड़क पर गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा बनते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में हुई दुर्घटनाओं से भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। अब तीन से चार फीट क्षेत्र तक गहरे गड्ढे उभर आए हैं, जिनसे हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।
दिन में दिखते हैं गड्ढे, रात में बनते हैं जानलेवा
दिन के समय वाहन चालक गड्ढों को देखकर रास्ता बदल लेते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में ये गड्ढे कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया, चारपहिया, यात्री बसें, लोडिंग वाहन और पत्थरों से भरे डंपर गुजरते हैं।
पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पुलिया निर्माण के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं की गई, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क
यह मार्ग सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख कस्बों को जोड़ता है। खस्ताहाल सड़क के कारण क्षेत्रवासी वैकल्पिक मार्ग अपनाने को मजबूर हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई है। नाले निर्माण के बाद सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह मार्ग जोखिम भरा साबित हो सकता है।

स्पीड ब्रेकर और संकेतकों की कमी
स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर भी दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर की ऊंचाई कम करने या उन्हें हटाने की मांग की है।
इसके अलावा हाईवे पर मोड़, आबादी क्षेत्र और चौराहों पर संकेतक बोर्ड, व्हाइट लाइन मार्किंग और क्रॉसिंग लाइन का अभाव है, जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी दर्शाता है।
जनप्रतिनिधियों से सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस मार्ग से कई बार गुजरते हैं, लेकिन समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते राज्य सरकार को अनुशंसा भेजी जाती, तो बजट में सड़क नव निर्माण या पैचवर्क के लिए स्वीकृति मिल सकती थी।
ग्रामीणों की मांग
क्षेत्रवासियों ने डबल इंजन सरकार से मांग की है कि इस मार्ग का शीघ्र नव निर्माण कराया जाए या कम से कम गड्ढों की तत्काल मरम्मत (पैचवर्क) कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल पाती है।












































