Home crime दुष्कर्म के आरोपी पर प्रशासन का दोहरा प्रहार, अवैध मकान ध्वस्तीकरण की...

दुष्कर्म के आरोपी पर प्रशासन का दोहरा प्रहार, अवैध मकान ध्वस्तीकरण की तैयारी

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर: दुष्कर्म के आरोपी पर प्रशासन का दोहरा प्रहार, 
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक साथ दोहरी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किए जाने के साथ-साथ नगर परिषद ने आरोपी के अवैध मकान को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। इस संयुक्त कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
इनाम घोषित, समाज का अल्टीमेटम
नाबालिग से दुष्कर्म की जघन्य घटना को लेकर कुशवाह समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। पूर्व विधायक बी.एल. कुशवाह और धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से मुलाकात कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। समाज की ओर से तीन दिन का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपी (आरएसी का पूर्व जवान) की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर
नगर परिषद के अनुसार आरोपी का मकान पूरी तरह अवैध पाया गया है। न तो भूमि का कन्वर्जन कराया गया और न ही भवन निर्माण नियमों का पालन किया गया। राजस्थान नगर परिषद अधिनियम-2009 की धारा 182, 194 और 245 के तहत आरोपी को 18 दिसंबर को नोटिस जारी किया गया था।
ध्वस्तीकरण का खर्च भी आरोपी से वसूला जाएगा
तीन दिन की नोटिस अवधि समाप्त होने के बावजूद आरोपी की ओर से कोई वैध स्वामित्व दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद नगर परिषद ने मकान ध्वस्तीकरण की पूरी तैयारी कर ली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई में आने वाला समस्त खर्च भी आरोपी से ही वसूला जाएगा।
प्रशासन की इस सख्त और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से यह साफ संदेश गया है कि जघन्य अपराधों में संलिप्त लोगों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून का शिकंजा अब और भी कड़ा होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version