लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह डोटासरा के हालिया बयान को हास्यास्पद और भ्रामक बताया। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के गिरते जनाधार से बौखलाए डोटासरा आज आधारहीन आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में जनसुनवाई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के आक्रोश से जोड़ना डोटासरा की जनता-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अराजकता, अफसरशाही की मनमानी और मंत्रियों की आपसी कलह का असली उदाहरण पिछली कांग्रेस सरकार ने ही पेश किया था। राठौड़ के अनुसार—“रात-रात भर बदलते आदेश, होटल में विधायकों की बाड़ाबंदी और गुटबाज़ी को राजस्थान आज भी नहीं भूला है।”
उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन की नीति पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस का शासन पर्चियों और बिचौलियों पर चलता था। ऐसे में पर्ची-राज की चर्चा डोटासरा की ओर से होना विडंबनापूर्ण है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस 2023 की हार स्वीकार नहीं कर पा रही और अब 2028 के “दिवास्वप्न” देख रही है। प्रदेश की जनता भाजपा के विकास कार्यों के साथ खड़ी है और कांग्रेस को यह सच्चाई स्वीकार करने का साहस नहीं है।
अंत में राठौड़ ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और जनता कांग्रेस को अब मौका देने के मूड में नहीं है।