लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एआईसीसी सचिव चिरंजीव राव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
रिपोर्ट: सतयनारायण चांदा, चाकसू
चाकसू। आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने चाकसू में शक्ति प्रदर्शन करते हुए संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव एवं राजस्थान सह-प्रभारी चिरंजीव राव ने चाकसू पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की तथा चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित जगन्नाथ यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पंचायत व निकाय चुनावों की तैयारियों को धार देने पर विशेष जोर दिया गया। चिरंजीव राव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में चिरंजीव राव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी चुनावों में इसका असर दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।
सम्मेलन में पीसीसी महासचिव सीआर चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल मीणा, पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी, पीसीसी सचिव कविता गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भरतलाल मीणा तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष एल.एल. कुमावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भरतलाल मीणा और नगर कांग्रेस अध्यक्ष एल.एल. कुमावत ने बताया कि बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान भी किया गया।
