लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सद्बुद्धि यज्ञ के साथ राहुल गांधी और पप्पू यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के आह्वान पर बुधवार को नागौर में साधु-संतों एवं सनातन धर्म के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन किया गया। शाहपुरा रामद्वारा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सर्व हिंदू समाज ने सद्बुद्धि यज्ञ, हनुमान चालीसा पाठ और कीर्तन का आयोजन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सुगन सिंह सर्किल पहुंचकर नारेबाजी की और राहुल गांधी तथा पप्पू यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विहिप के जिला अध्यक्ष सूरजमल भाटी ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में सांसद राहुल गांधी और पप्पू यादव द्वारा साधु वेश धारण कर सनातन परंपरा और संत समाज का उपहास उड़ाया गया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोनों नेता सार्वजनिक रूप से संत समाज और सनातन धर्मावलंबियों से बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं, तो विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
शाहपुरा रामद्वारा के संत गोविंद राम शास्त्री ने कहा कि सनातन संस्कृति “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वजन हिताय” के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक उद्देश्य से धार्मिक प्रतीकों और संतों का अपमान उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सद्बुद्धि यज्ञ किसी के प्रति द्वेष की भावना से नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव और सभी को सद्बुद्धि मिले, इस प्रार्थना के साथ आयोजित किया गया।
समाजसेवी भोजराज सारस्वत ने भी कथित घटनाक्रम की निंदा करते हुए धार्मिक भावनाओं के सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया।
संत सर्वेश्वर राम महाराज ने कहा कि साधु-संत भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के आधार स्तंभ हैं तथा उनका अपमान करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने संबंधित नेताओं से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में समाज में सद्भाव, धार्मिक सौहार्द और सद्बुद्धि की कामना के साथ यज्ञ, हनुमान चालीसा पाठ एवं कीर्तन का आयोजन किया गया।
बड़ी संख्या में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विहिप के प्रांत सत्संग प्रमुख पुखराज सांखला, विभाग मंत्री रामेश्वर सारस्वत, विभाग संगठन मंत्री जयेश रावल, विभाग बजरंग दल संयोजक योगेश शर्मा, बृजमोहन पारीक, भगवानाराम पंवार, बीरदीचंद सांखला, कानाराम सुथार, अंजनी कुमार गौड़, राधेश्याम टोगसिया, बाबूलाल टाक, युवराज सैनी, मनरूप भादू, दुर्गा वाहिनी की कविता सांखला एवं माया सांखला, अनुपमा उपाध्याय, सुनीता तिवारी, गणेश त्रिवेदी, जगदीश वैष्णव, रामनिवास झाड़वाल, हीरालाल राव, अरविंद राव, चेनाराम कच्छावा, महेंद्र गहलोत, रामदेव गहलोत, बालमुकुंद ओझा, संत रामस्वरूप महाराज, पवन भट्टड़, मुकेश गौड़, पुरुषोत्तम राजवंशी, उम्मैद राज शर्मा सहित बड़ी संख्या में विहिप, बजरंग दल, मातृशक्ति, संत-महात्मा एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन विभाग मंत्री रामेश्वर सारस्वत ने किया.
नोट: इस समाचार में राहुल गांधी और पप्पू यादव के संबंध में लगाए गए आरोप आयोजन के दौरान वक्ताओं द्वारा व्यक्त किए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित नेताओं की प्रतिक्रिया इस समाचार में उपलब्ध नहीं है।