लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हुसैनी अखाड़े के हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
चौमहला (झालावाड़)। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में 40वें मोहर्रम के अवसर पर अकीदत और सम्मान के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में गम और श्रद्धा का माहौल रहा।
नौजवान हुसैनी कमेटी के लाइसेंसदार आबिद हुसैन ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इमामगाह से 40वें मोहर्रम का ताजिया जुलूस रवाना हुआ। जुलूस कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए करबला पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने जियारत की।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर छबील के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को शीतल पेय एवं अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। मध्यप्रदेश के जावरा से आए डायमंड बैंड ने मातमी धुनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक संगठनों की ओर से हुसैनी कमेटी का सम्मान भी किया गया।
मोहर्रम के जुलूस को देखने के लिए चौमहला, गंगधार, चिश्तीपुरा तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन के दौरान विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जुलूस का मुख्य आकर्षण हुसैनी अखाड़ा रहा। अखाड़े के कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिस पर दर्शकों ने खूब सराहना की।
