लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उनियारा/अलीगढ़। अलीगढ़ कस्बे में तहसील के सामने स्थित खेल मैदान के पास बने भवन में महिलाओं के लिए अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के जयपुर कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
10 दिवसीय यह प्रशिक्षण 17 से 26 नवंबर तक चलेगा, जिसमें टोंक और बूंदी जिले की 10 महिला प्रशिक्षणार्थी भाग ले रही हैं। इस कार्यक्रम में ऑटोमेटिक अगरबत्ती मशीन से अगरबत्ती निर्माण की विस्तृत प्रक्रिया सिखाई जा रही है, ताकि महिलाएँ आगे चलकर स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर नंदलाल मीणा (जयपुर) द्वारा किया जा रहा है। उनके साथ हनुमान प्रजापत (उनियारा) सहित प्रशिक्षणार्थी महिलाएँ—ममता देवी, संजू देवी, मनभर, सुनीता, मनीषा, मिनाक्षी आदि उपस्थित रहीं।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
