लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर जिले के सैंपऊ कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा की गाड़ी से 22 लाख रुपये नकद बरामद हुए। मामला कंचनपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां नियमित गश्त के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार, कंचनपुर थाना पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस को शक हुआ और टीम ने तुरंत पीछा कर वाहन को रुकवाया। तलाशी लेने पर गाड़ी से 22 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन में सवार व्यक्ति की पहचान सैंपऊ नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अर्जुन कुशवाहा के रूप में हुई।
पूछताछ में अर्जुन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि यह राशि वह सिंचाई विभाग के एईएन तपेंद्र मीणा से लेकर आ रहे थे। हालांकि इतनी बड़ी नकद राशि के संबंध में मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस को मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगा, जिसके बाद गाड़ी और बरामद नकदी को जब्त कर लिया गया।
कंचनपुर थाना पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। साथ ही आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी भेजी गई है, ताकि नकदी के स्रोत और उपयोग की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि यह स्पष्ट किया जा रहा है कि इतनी बड़ी राशि किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में लाई जा रही थी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आवश्यक दस्तावेज और संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आयकर विभाग की रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
