लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नीरज मेहरा
बाड़मेर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म होते ही अब बोर्ड गठन को लेकर सियासी बाड़ेबंदी का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच बाड़मेर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 48 से कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को कथित तौर पर उठाकर ले जाने की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्याशी को अपने साथ ले गई। इस दौरान प्रत्याशी के भाई और समर्थकों की पुलिस अधिकारियों से जमकर बहस हो गई।
घटनाक्रम के बाद बाड़मेर का सियासी माहौल गरमा गया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और एक कार भी जब्त की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मतदान खत्म होते ही शुरू हुई बाड़ेबंदी की चर्चा
बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में 179 प्रत्याशियों का भाग्य मतदान के साथ ईवीएम में बंद हो गया है। अब परिणाम से पहले ही भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद में जुट गए हैं।
भाजपा के सामने नगर परिषद में सत्ता हासिल करने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस अपने बोर्ड को बचाने की कोशिश में है। ऐसे में संभावित निर्दलीय पार्षद दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
वार्ड 48 के प्रत्याशी को कार में बैठाकर ले जाने की सूचना
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8:30 बजे बेरियों का बास इलाके में कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को कथित तौर पर जबरन उठाकर ले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
इसी दौरान कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जब टीम वहां पहुंची तो पारसमल माली कुछ लोगों के साथ एक कार में मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें कार से बाहर निकाला और सुरक्षा के बीच अपने साथ ले गई।
पुलिस और समर्थकों के बीच हुई बहस
पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्रत्याशी के भाई और समर्थक पुलिस से उलझ गए। एएसपी नितेश आर्य समेत पुलिसकर्मियों और समर्थकों के बीच काफी देर तक बहस हुई। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रत्याशी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर पुलिस और समर्थकों के बीच बहस होती नजर आ रही है।
दो युवक हिरासत में, कार जब्त
एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि पुलिस को कांग्रेस प्रत्याशी को जबरन उठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो प्रत्याशी को एक कार में बैठाया गया था। पुलिस ने उन्हें कार से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि इस दौरान समर्थकों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों को डिटेन किया है। साथ ही कार को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कांग्रेस में अलग-अलग गुटों की बाड़ेबंदी की चर्चा
बाड़मेर नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में मुकाबले को रोचक बना दिया है। ऐसे में चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस में भी प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने और एकजुट करने की कवायद की चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशियों की दो अलग-अलग गुटों की ओर से बाड़ेबंदी किए जाने की चर्चा है। कुछ प्रत्याशियों के भूमिगत होने की भी सूचना सामने आ रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा सहित पार्टी के कई नेता प्रत्याशियों के संपर्क में बताए जा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि सभी प्रत्याशी पार्टी के संपर्क में हैं।
नतीजों से पहले ही बढ़ी सियासी हलचल
नगर परिषद चुनाव के परिणाम आने में अभी समय है, लेकिन बाड़मेर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बहुमत के आंकड़े से लेकर निर्दलीय प्रत्याशियों तक पर भाजपा और कांग्रेस की नजर है।
ऐसे में वार्ड 48 के कांग्रेस प्रत्याशी को कथित तौर पर उठाने की कोशिश के घटनाक्रम ने सियासी बाड़ेबंदी की चर्चाओं को और हवा दे दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रत्याशी को कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश के पीछे कौन लोग थे और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह क्या थी।
