लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कांग्रेस घुसपैठियों और अर्बन नक्सल्स को बचाने की कर रही राजनीति
नई दिल्ली। आर एन सांवरिया
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार झूठे आरोप लगाते हैं और जब सबूत देने की बारी आती है तो पीछे हट जाते हैं।
“हिट एंड रन” की राजनीति
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राफेल से लेकर “चौकीदार चोर है” और सावरकर से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी को कई बार कोर्ट से फटकार और माफी मांगनी पड़ी।
“राहुल गांधी का रवैया ‘हिट एंड रन’ वाला है। वे कीचड़ उछालते हैं और सबूत मांगने पर भाग जाते हैं,” ठाकुर ने कहा।
चुनाव आयोग पर लगाए आरोप झूठे
भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि कोई भी वोट बिना प्रक्रिया के डिलीट नहीं किया जा सकता। कांग्रेस शासित कर्नाटक में सीआईडी जांच करने में नाकाम रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि वोट डिलीट हुए हैं तो राहुल गांधी शपथपत्र क्यों नहीं देते और कोर्ट क्यों नहीं जाते?
कांग्रेस की “वोट बैंक राजनीति” पर वार
ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मकसद केवल घुसपैठियों के वोटों को बचाना है।
“राहुल गांधी एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में उनके वोटों की ताकत को कमजोर करने की कोशिश करते हैं,” उन्होंने कहा।
लोकतंत्र को कमजोर करने का षड्यंत्र
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमला करती है, जिससे लोकतंत्र कमजोर होता है।
“राहुल गांधी धमाका करने आए थे, लेकिन ड्रामा करके चले गए,” ठाकुर ने कटाक्ष किया।
