लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
मंत्री जोराराम कुमावत बोले —
डेयरी विकास के लिए कोरपस फंड को मंजूरी, राज्यभर में नए डेयरी प्लांट और विस्तार की योजना
जोधपुर।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने शुक्रवार को जोधपुर दौरे के दौरान कहा कि राज्य में डेयरी सेक्टर के विकास के लिए 1000 करोड़ रुपए के कोरपस फंड को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप बताया।
“दो दशक बाद डेयरी सेक्टर में इतना बड़ा निवेश” — जोराराम कुमावत
मंत्री कुमावत ने मीडिया से बातचीत में कहा —
“दो दशक बाद डेयरी सेक्टर में इतना बड़ा निवेश हुआ है। इससे सहकारी डेयरियों और लाखों दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा। राजस्थान की सभी डेयरियों की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल जाएगी।”

डेयरी सेक्टर में बड़े बदलाव का ब्लूप्रिंट तैयार
कुमावत ने बताया कि राज्य सरकार ने डेयरी क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार किया है।
राज्य में डेयरी प्रसंस्करण क्षमता को 52 लाख लीटर से बढ़ाकर 75 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है।
नए डेयरी प्लांट — अलवर, उदयपुर, बांसवाड़ा, भरतपुर और सवाईमाधोपुर में स्थापित किए जाएंगे।
विस्तार और आधुनिकीकरण — सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर और कोटा के डेयरी प्लांट्स में किया जाएगा।
साथ ही, पशु आहार संयंत्रों की क्षमता 1800 से बढ़ाकर 2500 मैट्रिक टन प्रतिदिन, और पाउडर प्लांट की क्षमता 165 से बढ़ाकर 225 मैट्रिक टन प्रतिदिन करने की योजना है।
अधिकारियों ने किया मंत्री का स्वागत
जोधपुर पहुंचने पर मंत्री का स्वागत संयुक्त निदेशक डॉ. संजय कृष्ण व्यास, वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र चावला, हनुमान सियाग और डॉ. श्रवण वैष्णव सहित विभागीय अधिकारियों ने किया।
अगला पड़ाव — बाड़मेर
जोधपुर दौरा पूर्ण करने के बाद मंत्री जोराराम कुमावत कुछ देर में बाड़मेर के लिए रवाना होंगे।