लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बयाना (राजेंद्र शर्मा)। दीपावली के दिन बयाना में जमीनी विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। भीमनगर तिराहे पर करीब 150 लोगों की भीड़ ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया और पुलिस की समझाइश के दौरान पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और कई पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए।
घटना गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र के गांव सेऊपुरा गुर्धा डांग में लंबे समय से चल रहे रास्ते के विवाद को लेकर हुई। विवादित पक्ष महाराज सिंह-बृजेंद्र जाटव के समर्थन में लोग कार्रवाई की मांग को लेकर एकत्र हुए थे।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत, सीओ कृष्णराज जांगिड़ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस पर पथराव के बाद थाना प्रभारी बाबूलाल गुर्जर ने दो महिलाओं समेत 32 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो महिलाओं समेत 27 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोग हाथ जोड़कर और कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते नजर आए। वहीं, घटना के मुख्य आरोपी पूर्व सरपंच मेघसिंह समेत पांच लोग फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को मुख्य मुकदमे में शामिल किया जाएगा। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











































