लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
यूनेस्को एसोसिएशन ने छठ पूजा सेवा समिति वाटर वर्क्स को दिया ₹5100 का पुरस्कार
स्थान: भीलवाड़ा | संवाददाता: विनोद सेन
भीलवाड़ा।
पूर्वांचल वासियों की लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। पर्व के अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति की ओर से घाटों की स्वच्छता, साफ-सफाई और साज-सज्जा को लेकर एक प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इस प्रतियोगिता में “छठ पूजा सेवा समिति वाटर वर्क्स” को श्रेष्ठ घाट के रूप में चयनित किया गया। समिति को ₹5100 नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल का गठन जवाहर फाउंडेशन प्रभारी रजनीश वर्मा की अध्यक्षता में किया गया था, जिसमें जिला यूनेस्को एसोसिएशन अध्यक्ष ललित अग्रवाल, प्रवक्ता मधु लोढ़ा, राजकुमार माली और साधना मेलाना सदस्य रहे। निर्णायकों ने मानसरोवर झील, नेहरू तलाई, न्यू पटेल नगर और पटेल नगर विस्तार सहित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।
पुरस्कार वितरण समारोह वाटर वर्क्स घाट पर आयोजित हुआ, जहां स्थानीय विधायक अशोक कोठारी, यूनेस्को फेडरेशन प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली, अध्यक्ष ललित अग्रवाल, रजनीश वर्मा और राजकुमार माली ने विजेता समिति के अध्यक्ष दिनेश साहनी और सचिव बबलू सिंह को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि “छठ मैया का आशीर्वाद सभी भीलवाड़ावासियों पर बना रहे और हर वर्ष यह पर्व इसी भव्यता के साथ मनाया जाए।” वहीं, गोपाल लाल माली ने कहा कि “छठ पर्व केवल सूर्य उपासना नहीं, बल्कि भक्ति, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। यह प्रकृति और आध्यात्मिकता के संतुलन का अद्भुत उदाहरण है।”
यूनेस्को प्रवक्ता मधु लोढ़ा ने बताया कि निर्णायक समिति ने घाटों पर स्वच्छता और सजावट को प्रमुख मानदंड रखा था। हालांकि, इस बार बारिश के कारण कुछ घाटों पर असुविधाएं भी रहीं।
पुरस्कार ग्रहण समारोह में समिति के सदस्य राजेश गुप्ता, दिनेश यादव, विनोद साहनी, राजन सिंह, शैलेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


















































