लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्री कल्याणजी मंदिर में हुई समाज की बैठक, पूर्व अध्यक्ष नौरतनमल तिवाड़ी के कार्यकाल की सराहना; नई कार्यकारिणी का गठन जल्द
पादूकलां, नागौर। छन्याति समाज पादूकलां की बैठक श्री कल्याणजी मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश पारीक ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यवाहक अध्यक्ष नौरतनमल तिवाड़ी ने उन्हें समाज का संपूर्ण कार्यभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद ओमप्रकाश पारीक ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष नौरतनमल तिवाड़ी से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए समाज को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प जताया।
समाज के कोष में 8,206 रुपए की राशि अर्पित
कार्यभार संभालने के साथ ही ओमप्रकाश पारीक ने समाज के कोष में अपनी ओर से 8,206 रुपए की राशि अर्पित की। समाज के पास पहले से मौजूद 41,794 रुपए के नगद बैलेंस में यह राशि जोड़ने के बाद कुल राशि 50 हजार रुपए हो गई।
समाजजनों ने अध्यक्ष पारीक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
नौरतनमल तिवाड़ी के कार्यकाल की सराहना
बैठक में पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष नौरतनमल तिवाड़ी के करीब तीन वर्ष के कार्यकाल की भी सराहना की गई। समाजजनों ने कहा कि उनके कार्यकाल में समाज को संगठित करने, समाज के परिवारों का सर्वे कार्य पूरा कराने तथा सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए गए।
इसके अलावा प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान, भगवान परशुराम जन्मोत्सव सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने में उनके योगदान की भी प्रशंसा की गई।
जल्द गठित होगी नई कार्यकारिणी
बैठक में समाज को और अधिक संगठित एवं सक्रिय बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश पारीक के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन जल्द किए जाने की जानकारी दी गई।
समाजजनों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी सामाजिक एकजुटता, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और समाजहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
