लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला, झालावाड़ । झालावाड़ जिले की ग्राम पंचायत चौमहला में एक बार फिर सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और आमजन परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण सफाई कर्मचारी हड़ताल पर उतर आए हैं। वर्तमान कार्यकाल में आधा दर्जन से अधिक बार लंबी हड़ताल हो चुकी है और इस बार भी हड़ताल का दूसरा दिन है।
कस्बेवासियों का कहना है कि गंदगी के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं, लेकिन ग्राम पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि सरपंच द्वारा पूर्व में समय पर वेतन देने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक माह तक इंतजार करने के बाद अब दो माह बीत जाने पर भी भुगतान नहीं हुआ।
कई वार्डों में हालात इतने खराब हैं कि नालियों का पानी घरों के सामने बह रहा है। मजबूर होकर स्थानीय रहवासी स्वयं नालियों और सड़कों की सफाई में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों में पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत चुनाव में बदलाव लाकर ही कस्बे की तस्वीर सुधारी जा सकती है।