लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। शहर के सरदारपुरा थाना क्षेत्र स्थित सी रोड पर गुरुवार सुबह एक अपार्टमेंट की पार्किंग में चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर पास में खड़ी चार से पांच अन्य मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और सरदारपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल के आवास के सामने स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिक बाइक चार्जिंग के दौरान आग की चपेट में आई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।